पगला स्पोर्टिंग क्लब के सौजन्य से ग्रामीणों में दिखा उत्साह, सैकड़ों दर्शक बने गवाह।
पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत बनियापसार पंचायत के ग्राम बिशनपुर में रविवार को पगला स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में एक दिवसीय भव्य कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले और राज्य के विभिन्न हिस्सों से नामचीन पहलवानों ने भाग लेकर ग्रामीण खेल परंपरा को जीवंत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष जुली खिस्टमणी हेंम्ब्रम, पंचायत की मुखिया सालोमी बेसरा, क्लब पदाधिकारीगण एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दुमका जिले के मोते टुडू और साहेबगंज जिले के सोनू यादव के बीच हुआ, जिसमें जबरदस्त संघर्ष के बाद सोनू यादव ने बाज़ी मारी। विजेता सोनू यादव को ₹10,000 नगद पुरस्कार और शील्ड, जबकि उपविजेता मोते टुडू को ₹5,000 नगद एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित अतिथियों ने ग्रामीण युवाओं को खेल के महत्व और इसके माध्यम से कैरियर निर्माण की संभावनाओं पर प्रेरणादायक संदेश भी दिए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर ऐसे आयोजनों को ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब अध्यक्ष ऋषि राम मरांडी, सचिव महेश मरांडी, कोषाध्यक्ष अनंत टुडू सहित संतोष कुमार, अविनाश मरांडी, मंडला किस्कू, आमीन मरांडी और शिवधन मरांडी का विशेष योगदान रहा। इस आयोजन में दर्जनों पहलवान, खेल प्रेमी, एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण दर्शक उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति से माहौल उत्साहपूर्ण और जीवंत बना रहा।







