पाकुड़ से उठी सादगी और समर्पण की मिसाल, सोशल मीडिया पर मोनिता कुमारी का भावुक संदेश हुआ वायरल।
राजकुमार भगत
पाकुड़ : कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जन्मदिन जहां देशभर में ज़ोर-शोर से मनाया गया, वहीं झारखंड के पाकुड़ ज़िले से एक भावनात्मक संदेश सामने आया। कांग्रेस की ज़िला महासचिव मोनिता कुमारी ने अपने बीमार पति की देखभाल के चलते सार्वजनिक कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी, लेकिन उनके दिल से निकली शुभकामना ने कार्यकर्ताओं के बीच गहरी छाप छोड़ी।
अपने संदेश में उन्होंने लिखा:
“राहुल जी देश की उम्मीद हैं, संविधान की आवाज़ हैं। आज भले ही मैं मंच या केक के साथ उनका जन्मदिन न मना सकी, पर मेरी हर दुआ, हर शुभकामना उनके स्वस्थ, दीर्घायु और संघर्षशील जीवन के लिए है। देश को आपके जैसे नेता की जरूरत है। जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।” उन्होंने आगे यह भी कहा कि वह जल्द ही सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियानों के ज़रिए राहुल गांधी के विचारों को जमीनी स्तर तक ले जाएंगी, ताकि आमजन को न्याय, समानता और लोकतंत्र के मूल विचारों से जोड़ा जा सके। जहां एक ओर अधिकांश नेता मंच और माला के ज़रिए बधाई देने में लगे रहे, वहीं मोनिता कुमारी का सादगीपूर्ण और संवेदनशील संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यह उदाहरण बताता है कि राजनीति में भावनाएं भी उतनी ही अहम होती हैं जितना कि प्रचार। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजनों ने भी उनके इस भाव को सराहा और इसे “सच्चे कार्यकर्ता की निशानी” बताया।