Search

April 25, 2026 4:56 pm

पाकुड़ में बढ़ा डेंगू का खतरा, 78 में से 70 स्थानों पर मिला लार्वा, स्वास्थ्य विभाग ने बजाया अलर्ट का सायरन।

पाकुड़ जिले में मच्छर जनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एक सघन डेंगू निगरानी और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। एडीज लार्वा डेंसिटी सर्वे रिपोर्ट 2025 के अनुसार, फिक्स्ड साइट्स जैसे रथ मेला मैदान, टाउन हॉल, पार्क, संचार भवन, डीसी, एसपी, डीडीसी कार्यालय, बस स्टैंड, डीसी/डीडीसी/एसपी आवास, कोर्ट परिसर, एसडीओ कार्यालय एवं आवास, जेल, नगर परिषद, सदर सीएचसी परिसर, स्टाफ क्वार्टर, टाउन पीएस, इंदिरा चौक, बैंक कॉलोनी, पार्क, स्टेडियम एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों जैसे मुस्कान होटल, रिलायंस मार्ट, हरिणडंगा हाई स्कूल एवं छात्रावास, पेट्रोल पंप से टिनबंगला पोखर एवं विवाह भवन, हरिन चौक से गांधी चौक तक कुल 78 स्थानों की जांच की गई, जिनमें से 70 जगहों पर डेंगू के लार्वा पाए गए। साथ ही, सेंटिनल साइटस पर 100 दिनों तक चलने वाले सर्वे के तहत अब तक 120 घरों की जांच की गई, जिनमें से 8 घर डेंगू लार्वा पॉजिटिव पाए गए। ये आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि डेंगू नियंत्रण के लिए सामुदायिक भागीदारी और अधिक ज़रूरी हो गई है। “एक लापरवाह कंटेनर सैकड़ों मच्छरों को जन्म दे सकता है। ज़िला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ अमित कुमार ने समस्त पाकुड़वासियों से अपील किया कि सप्ताह में कम से कम एक बार 20 मिनट का समय निकालकर अपने घर और आसपास जमा पानी की सफाई अवश्य करें। इसमें कूलर, फूलदान, पानी की टंकी, कबाड़ में रखे बर्तन आदि की सफाई शामिल है, जहां एडिस मच्छर आसानी से पनप सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में तेज़ बुखार, बदन दर्द, सिरदर्द, त्वचा पर चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नज़दीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या ज़िला अस्पताल में जाकर जांच और उपचार कराएं।स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवकों और नगर निकायों के सहयोग से घर-घर जाकर जागरूकता अभियान, स्रोत नष्ट करने की कार्रवाई, लार्वानशी का छिड़काव और IEC सामग्री का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने आमजनों से अपील किया कि वह डेंगू को फैलने से रोकने में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन का साथ दें। समय पर रोकथाम और सामूहिक प्रयास ही पाकुड़ जिले को डेंगू मुक्त बनाने की कुंजी हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!