एस कुमार
महेशपुर थाना और रदीपुर ओपी परिसर में सोमवार को दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में एसडीपीओ विजय कुमार, सीओ संजय कुमार सिन्हा, बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव, थाना प्रभारी रवि शर्मा और रदीपुर ओपी प्रभारी विवेक कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।।बैठक में साफ निर्देश दिया गया कि दुर्गा पूजा शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न होनी चाहिए। इस दौरान पंडालों में किसी भी प्रकार का डीजे साउंड सिस्टम बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात कही गई। एसडीपीओ विजय कुमार ने चेतावनी दी कि पूजा के दौरान हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पूजा समिति को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि पंडालों में किसी तरह की भगदड़ की स्थिति न बने और जिला प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन हो। साथ ही सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और फायर सेफ्टी उपकरण लगाने का निर्देश दिया गया। बैठक में थाने के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पूजा समिति के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।






