Search

August 18, 2026 10:13 pm

सांप के डंसने से मासूम की मौत, घर में पसरा मातम।

पाकुड़िया। पाकुड़िया थाना क्षेत्र के सरसाबांध गांव में सोमवार की देर रात करैत सांप के डंसने से तीन वर्षीय मासूम सनी हेंब्रम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, सनी हेंब्रम सोमवार रात अपने पिता मदन हेंब्रम के साथ घर में चारपाई पर सोया था। रात करीब 12 बजे एक करैत सांप चारपाई पर चढ़ गया और उसने सनी को डंस लिया। सर्पदंश के बाद बच्चा रोने और चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर माता-पिता की नींद खुली। उन्होंने देखा कि करैत सांप चारपाई के पास रेंग रहा था। परिजनों ने सांप को मार दिया और गंभीर हालत में सनी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसी रात उसे रामपुरहाट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह सनी का शव गांव लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मासूम का शव देखकर माता-पिता और अन्य स्वजन फूट-फूटकर रोने लगे। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। बाद में मंगलवार को परिजनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!