Search

August 31, 2026 10:02 pm

थाना प्रभारी को धमकी का आरोप, जयराम महतो के खिलाफ पुलिस एसोसिएशन ने खोला मोर्चा।

पुलिस एसोसिएशन ने विधायक के कथित अमर्यादित व्यवहार पर जताई कड़ी आपत्ति; कहा—वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं।

पाकुड़। डुमरी विधायक जयराम महतो पर बरवड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को वाट्सऐप कॉल के जरिए कथित तौर पर गाली-गलौज, अभद्र भाषा और धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर पाकुड़ पुलिस एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाते हुए विधायक के कथित आचरण की घोर निंदा की है।
पुलिस एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि विधायक ने थाना प्रभारी को धमकी देते हुए कहा कि सरकार बदलने के बाद झारखंड के जिस थाने में वे रहेंगे, उन्हें खोजकर उनकी नौकरी बर्बाद कर दी जाएगी। ऑफ ड्यूटी रहने पर सबक सिखाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि देर रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवड्डा थाना प्रभारी के कार्यालय पहुंचे और टेबल पर रखे सामानों को कथित तौर पर तितर-बितर किया गया। पुलिस एसोसिएशन ने इसे संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि के लिए अशोभनीय करार दिया है। एसोसिएशन ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिसकर्मियों के प्रति कथित रूप से लगातार अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई। संगठन का कहना है कि ऐसे कथित आचरण से पूरे पुलिस बल के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचती है। पाकुड़ पुलिस एसोसिएशन ने पूरे मामले की घोर निंदा करते हुए झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय, रांची के साथ मजबूती से खड़े रहने की बात कही है। हालांकि, विधायक जयराम महतो की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई पक्ष सामने आने की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति में नहीं दी गई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!