Search

October 5, 2026 9:03 pm

माइनिंग छात्रों को क्यूजीआईएस की ट्रेनिंग, डिजिटल मैपिंग और डेटा विश्लेषण में दक्ष बना रहा पाकुड़ पॉलिटेक्निक।

पाकुड़ पॉलिटेक्निक में माइनिंग विभाग के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ उद्योग में उपयोग होने वाली आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों के लिए क्यूजीआईएस (QGIS) का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण के लिए Ardent Computech Pvt. Ltd. के प्रशिक्षक Soumyadip Sarkar को नियुक्त किया गया है। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को GIS की मूल अवधारणाओं के साथ स्थानिक आंकड़ों, समन्वय संदर्भ प्रणाली (CRS), शेपफाइल तैयार करने और स्थानिक डेटा के संपादन की जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थी बिंदु, रेखा और बहुभुज आधारित आंकड़ों के साथ काम करने के साथ-साथ विशेषता सारणी का प्रबंधन भी सीख रहे हैं। प्रशिक्षण का फोकस केवल सॉफ्टवेयर चलाने तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को बफर, क्लिप, इंटरसेक्शन, यूनियन, डिसॉल्व और डिफरेंस जैसे स्थानिक विश्लेषण टूल का व्यावहारिक इस्तेमाल कराया जा रहा है। इसके अलावा रास्टर डेटा, डिजिटल एलिवेशन मॉडल (DEM) और ऊंचाई से जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण की भी जानकारी दी जा रही है।
विद्यार्थियों को चयनित क्षेत्रों से आवश्यक स्थानिक जानकारी निकालने, विषयगत मानचित्र तैयार करने और अध्ययन क्षेत्र की मैपिंग का अभ्यास कराया जा रहा है। मानचित्र को अंतिम रूप देते समय शीर्षक, संकेत सूची, मापनी और उत्तर दिशा सूचक जैसे जरूरी तत्वों को जोड़ना भी सिखाया जा रहा है। पाकुड़ पॉलिटेक्निक की यह पहल माइनिंग विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़ाकर व्यावहारिक और उद्योग-उन्मुख कौशल से जोड़ रही है। क्यूजीआईएस का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रोजेक्ट, फील्ड स्टडी और भविष्य के व्यावसायिक कार्यों में उपयोगी साबित होगा।

IMG 20261005 WA0049

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!