प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। सरस्वती शिशु मंदिर में बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विजय मांझी मरांडी स्टेडियम में विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेते हुए उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदना सभा से हुई। इस दौरान विद्यालय परिवार के सभी आचार्य बंधु-भगिनी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और बाल दिवस के उद्देश्य को याद किया। दिन भर आयोजित प्रतियोगिताओं में दौड़, लंबी कूद, बिस्कुट रेस, कुर्सी रेस, मेढक रेस, गणित रेस, रस्साकूद सहित कई रोचक खेल शामिल थे। बच्चों ने पूरे मनोयोग और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम की सफलता में सभी आचार्य दीदी जी और विद्यालय स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।मौके पर प्रधानाचार्य बिमल महतो, आचार्य मुकेश कुमार, प्रशांत मंडल, किशोर मंडल, मानस दास, बापन प्रामाणिक, विष्णु साहा, राजेश साहा, माइकल मरांडी, सोना हेंब्रम, पार्वती हेंब्रम, मिली मरांडी, निक्की कुमारी समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।













