राजकुमार भगत
पाकुड़। शहरकोल स्थित जायसवाल धर्मशाला में जायसवाल समाज महिला मोर्चा की ओर से सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने सोलह श्रृंगार और पारंपरिक परिधान में शामिल होकर सावन की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूनम देवी, सचिव दीपमाला जायसवाल सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सचिव दीपमाला जायसवाल ने कहा कि सावन भगवान भोलेनाथ की आराधना और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पवित्र महीना है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ आपसी मेल-जोल और सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत कर सकें। महोत्सव में हरी साड़ियों, चूड़ियों और सोलह श्रृंगार से सजी महिलाओं ने आयोजन में सावन की रंगत भर दी। पारंपरिक सावन गीतों पर गीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। इसके अलावा विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं, रिकॉर्डिंग डांस और मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कार्यक्रम का जमकर आनंद उठाया। उत्कृष्ट गीत और नृत्य प्रस्तुत करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।







