Search

April 28, 2026 4:04 pm

बिजली विभाग की फिर नई दलील — 15–20 दिन तक बिजली कटौती, जनता परेशान, मगर विभाग अपनी नाकामी छिपाने में व्यस्त

पाकुड़। बिजली विभाग ने एक बार फिर वही पुराना राग अलापा है—“तकनीकी दिक्कत”, “ज़रूरी मरम्मत”, “स्थिर आपूर्ति” और “जनता से सहयोग की अपील”। रोज़ की तरह आज भी विभाग अपनी नाकामी पर पर्दा डालते हुए एक नई समस्या जनता के सिर पर डाल गया है। 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन पाकुड़ में लगे दोनों 50 MVA ट्रांसफॉर्मरों में ऑयल लीकज और ऑयल फिल्ट्रेशन का काम 3 दिसंबर से शुरू किया जा रहा है। विभाग ने साफ कहा है कि अगले 15 से 20 दिनों तक पाकुड़, बल्लभपुर, दुबराजपुर, हिरणपुर, महेशपुर और अमरापाड़ा समेत छह फीडरों की सप्लाई आंशिक रूप से बाधित रहेगी। यानी पूरे इलाके में बिजली का रोना एक बार फिर जारी रहेगा।
कनीय प्रबंधक, संचरण अनुमंडल पाकुड़ के अनुसार—यह काम “भविष्य में बेहतर बिजली आपूर्ति” के लिए जरूरी है। लेकिन जनता का सवाल है कि “बेहतर बिजली” की कहानी कब पूरी होगी? पाँच साल से लगातार विभाग की फाइलों और बयानों में ही बिजली सुधर रही है, जमीन पर नहीं।

सूत्रों का दावा—खंभों से लेकर ट्रांसफार्मर तक में बड़ा खेल, पैसा लेकर ‘ट्रांसफर’ हो जाती है जनता की सुविधा

सूत्रों के अनुसार बिजली विभाग में पिछले पाँच वर्षों में खंभों की खरीद से लेकर ट्रांसफार्मरों के हिसाब में भारी गड़बड़ी हुई है। सूत्र बताते हैं कि जनता के लिए आने वाले कई ट्रांसफार्मर को मोटी रकम लेकर पत्थर व्यवसायियों को शिफ्ट कर दिया गया। वहीं दूसरी तरफ, क्रेशर प्लांट और खदान क्षेत्रों में विभाग की मेहरबानी लगातार बनी रहती है—मीटर में जितना यूनिट दिखता है, उसका आधा बिल फिक्स कर दिया जाता है और बाकी का खेल समझौते की टेबल पर निपट जाता है। अंदरखाने की खबर यह भी है कि इस खेल से विभागीय लोग खूब फायदा उठाते हैं, और “साहब” भी सब जानते हुए खामोशी की पोजिशन में रहते हैं। समझौते की रेलगाड़ी बिना इशारे नहीं चलती—यह बात विभाग में किसी से छिपी नहीं है।

जनता परेशान—शहरी इलाकों से लेकर गांव तक बिजली के लिए रोज जद्दोजहद, पर पत्थर साइडिंग को सप्लाई ‘फौरन’

जहां आम लोग दिन-रात बिजली के इंतज़ार में रहते हैं, वहीं पत्थर साइडिंग और औद्योगिक इलाकों में बिजली विभाग फौरन सप्लाई देता है। शहरी और ग्रामीण जनता का सीधा सवाल है— हमारी बारी कब आएगी? बिजली विभाग जनता को कब याद करेगा?

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!