Search

October 7, 2026 10:41 pm

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, झारखंड में शोक की लहर

लंबे समय से चल रहा था इलाज, हिल व्यू अस्पताल में ली अंतिम सांस; मां की गंभीर हालत पर मुख्यमंत्री ने रद्द किए थे कई कार्यक्रम

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार रात करीब आठ बजे रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और अस्पताल में चिकित्सकों की विशेष निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की पुष्टि चिकित्सक डॉ. दीपक गुप्ता और डॉ. उज्ज्वल राय ने की। रूपी सोरेन के निधन की खबर सामने आते ही सोरेन परिवार, झामुमो नेताओं-कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।

रूपी सोरेन को सांस लेने में परेशानी के बाद 18 सितंबर को हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत लगातार चिंताजनक बनी हुई थी। बुधवार को अचानक उनकी स्थिति और बिगड़ गई। उनका हार्ट रेट अनियंत्रित होने और लगातार गिरावट के बाद चिकित्सकों की टीम ने आपात बैठक कर आगे के उपचार पर चर्चा की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यूरो मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. उज्ज्वल राय समेत अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों को अस्पताल बुलाया गया। वहीं कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक गुप्ता भी शाम करीब छह बजे अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने हार्ट रेट नियंत्रित करने के लिए टेंपरेरी पेसमेकर लगाने का निर्णय लिया और लगातार उनकी निगरानी की जाती रही। हालांकि तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और रात करीब आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

मां की गंभीर हालत की सूचना पर अस्पताल पहुंचे हेमंत सोरेन

रूपी सोरेन की तबीयत गंभीर होने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को हिल व्यू अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली और इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन भी सुबह से अस्पताल में मौजूद थीं।

मां की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अपने कई निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। वहीं शाम को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक भी स्थगित कर दी गई थी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर उरांव समेत कई नेता भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनकी स्थिति की जानकारी ली।

इससे पहले मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने चिकित्सकों से जानकारी लेने के बाद कहा था कि रूपी सोरेन की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और डॉक्टरों की टीम उनके उपचार में जुटी हुई है।

सोरेन परिवार में मातृशोक

रूपी सोरेन के निधन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूरे सोरेन परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। वह पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी थीं। शिबू सोरेन के लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान रूपी सोरेन ने परिवार को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उनके निधन की खबर के बाद परिवार के करीबी लोग और झामुमो समर्थक हिल व्यू अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है। झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की ओर से भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की तैयारी

रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार को लेकर परिवार की ओर से आगे की जानकारी साझा की जाएगी। अंतिम दर्शन एवं अंतिम संस्कार का स्थान और समय तय होने के बाद बड़ी संख्या में राजनीतिक नेता, कार्यकर्ता, समर्थक और शुभचिंतकों के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन की ओर से भी आवश्यक व्यवस्था किए जाने की संभावना है।

रूपी सोरेन के निधन से झारखंड की राजनीति के प्रमुख सोरेन परिवार में गहरा शोक छा गया है। उनके निधन को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!