एस कुमार
महेशपुर। प्रखंड की जयनगरा पंचायत अंतर्गत खुड़ुकडांगा गांव में जियोन झरना मसीही क्लब की ओर से एकदिवसीय स्पोर्ट्स प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य पिंकु शेख और प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजकों ने अतिथियों का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के अनुसार ढोल-मांदर की थाप पर भव्य स्वागत किया। आयोजन में क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया।
स्पोर्ट्स प्रोग्राम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में युवाओं का जोश, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य पिंकु शेख ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलता है। खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी पैदा करते हैं। उन्होंने युवाओं से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़कर झारखंड और देश का नाम रोशन करने की अपील की।
वहीं प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने कहा कि खेलों से मानसिक और शारीरिक विकास के साथ-साथ सामाजिक एकता भी मजबूत होती है। ग्रामीण इलाकों में इस तरह के आयोजन गर्व की बात हैं और युवाओं को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में टाइगर शेख, लक्ष्मण मरांडी, साहेबराम मुर्मू, कालिदास किस्कु, संतोष मुर्मू, कालेश्वर सोरेन, जोनातन सोरेन, पीटर टुडू, सुशीला टुडू सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता, क्लब अध्यक्ष नाथानियल सोरेन, सचिव साऊल हेम्ब्रम एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक उपस्थित रहे।










