पाकुड़ | हिरणपुर प्रखंड के बरमसिया पंचायत अंतर्गत केन्दो गांव में बंजर भूमि राइस फेलो विकास योजना के तहत कराए गए तालाब के जीर्णोद्धार ने गांव के किसानों की तस्वीर बदल दी है। भूमि संरक्षण विभाग, पाकुड़ की इस पहल से अब किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल रहा है और खेती दो मौसमों तक संभव हो गई है। लाभान्वित किसान बुधन बागती सहित अन्य किसानों ने बताया कि तालाब के गहरीकरण से उनके खेतों के साथ-साथ आसपास के खेतों को भी सिंचाई का लाभ मिल रहा है। पहले जहां केवल खरीफ फसल पर निर्भरता थी, वहीं अब गेहूं, सरसों और मसूर जैसी रबी फसलों की भी सफल खेती हो रही है। तालाब में मछली का जीरा डाले जाने से मत्स्य पालन की शुरुआत भी की गई है, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय का साधन मिलेगा और गांव में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। किसानों का कहना है कि यह योजना सिर्फ तालाब तक सीमित नहीं रही, बल्कि जल संरक्षण, खेती की निरंतरता और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने का भरोसेमंद आधार बन गई है। केन्दो गांव में तालाब अब पानी ही नहीं, किसानों के भविष्य को भी संजो रहा है।







