एस कुमार
महेशपुर– कड़ाके की ठंड में अंजुमन इस्लामिया सोसाइटी महेशपुर टीम ने मानवता की मिसाल पेश की है। सोसाइटी की ओर से महेशपुर एवं पाकुड़िया क्षेत्र में घर-घर जाकर करीब 10 बेसहारा वृद्ध महिलाओं और यतीम बच्चियों को ब्लैंकेट वितरित किए गए। ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों को इस मदद से बड़ी राहत मिली है। सोसाइटी ने यह सहायता व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से राशि एकत्र कर उपलब्ध कराई। इस नेक पहल में दानदाताओं की अहम भूमिका रही। टीम के सदस्य आसादुल मुल्ला ने बताया कि जल्द ही और 10 ब्लैंकेट खरीदकर जरूरतमंदों तक पहुंचाए जाएंगे। पाकुड़िया निवासी रियाज अंसारी ने कहा कि वे सोसाइटी के साथ कदम से कदम मिलाकर समाजसेवा में सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि अंजुमन इस्लामिया सोसाइटी अब तक करीब 180 परिवारों की मदद कर चुकी है। बीते दो वर्षों में लगभग 8 लाख रुपए की आर्थिक सहायता जरूरतमंद, गरीब, यतीम, लाचार और बीमार परिवारों तक पहुंचाई गई है। सोसाइटी के सक्रिय सदस्य लाल बाबू ने कहा कि आने वाले दिनों में और सात जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री एवं नगद राशि उपलब्ध कराई जाएगी। सोसाइटी ने स्पष्ट किया कि आगे भी मानवीय मूल्यों के साथ समाज के सबसे कमजोर वर्गों की मदद का सिलसिला जारी रहेगा।





