Search

February 11, 2026 9:14 am

राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा पाकुड़, सांस्कृतिक संध्या में गीत-नृत्य ने बांधा समां

उपायुक्त व एसपी ने दीप जलाकर किया शुभारंभ, छात्रों की प्रस्तुतियों ने किया भावविभोर

पाकुड़। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन पाकुड़ की ओर से रविन्द्र भवन टाउन हॉल में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियों ने सभागार को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए अरूण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन और अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी भी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक संध्या में जिले के विभिन्न विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सांस्कृतिक समूहों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं। गीतों और नृत्यों के माध्यम से आज़ादी, संविधान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। दर्शकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सीनियर वर्ग में प्रथम पुरस्कार डीएवी पब्लिक स्कूल, रानी ज्योतिर्मय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय हिरणपुर को मिला। द्वितीय पुरस्कार हरिणडांगा उच्च विद्यालय और चतुर डांस ग्रुप पाकुड़ को दिया गया। तृतीय पुरस्कार एवरेस्ट मिशन और पतंजलि योग समिति पाकुड़ को मिला। जूनियर वर्ग में प्रथम पुरस्कार नेताजी सुभाष चंद्र बोस विद्यालय और एलिट पब्लिक स्कूल को प्रदान किया गया। वहीं बाल आश्रय गृह, डायनामिक डांस ग्रुप, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (पाकुड़, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर), सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, आदर्श बिल्टू मध्य विद्यालय, पाकुड़ राज +2 और आदि शिव डांस ग्रुप को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

img 20260127 wa00652899306800083062925
img 20260127 wa00631916565856294494254
img 20260127 wa0064437251521513016886
img 20260127 wa00662527322709556837460

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर