पाकुड़। कल्याण विभाग, झारखंड सरकार द्वारा संचालित अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परियोजना निदेशक आईटीडीए सह जिला कल्याण पदाधिकारी अरूण कुमार एक्का ने बताया कि जिले के विभिन्न आवासीय विद्यालयों में कक्षा 1, 6, 7 और 8 में नामांकन के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
नामांकन अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय हिरणपुर में कक्षा 1, 6, 7 व 8, आश्रम आदिवासी बालिका आवासीय विद्यालय अमड़ापाड़ा में कक्षा 6, अनुसूचित जनजाति आवासीय मध्य विद्यालय कुंजबोना (लिट्टीपाड़ा) में कक्षा 1 व 6, अनुसूचित जनजाति आवासीय मध्य विद्यालय डुमरचीर (अमड़ापाड़ा), पीवीटीजी आवासीय प्राथमिक विद्यालय धुंधापहाड़ी एवं धनगड़ा (लिट्टीपाड़ा) में किया जाएगा। इसके अलावा अनुसूचित जाति आवासीय प्राथमिक विद्यालय कित्ताझोर, पाकुड़ में कक्षा 1 में भी नामांकन होगा। इच्छुक अभिभावक 20 फरवरी तक पंजीयन प्रपत्र भरकर जिला कल्याण कार्यालय, पाकुड़ में जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रपत्र जिला कल्याण कार्यालय, सभी प्रखंड मुख्यालयों और संबंधित विद्यालयों में उपलब्ध हैं। नामांकन के लिए चयन परीक्षा 8 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। आयु सीमा 31 मार्च 2026 तक कक्षा 1 के लिए 6 से 7 वर्ष, कक्षा 6 के लिए 12 वर्ष, कक्षा 7 के लिए 13 वर्ष और कक्षा 8 के लिए 14 वर्ष निर्धारित की गई है।
जिला कल्याण पदाधिकारी अरूण कुमार एक्का ने कहा कि अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवास और सर्वांगीण विकास उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों का नामांकन कराकर इस अवसर का लाभ उठाएं।




