प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़) नीति आयोग द्वारा चयनित आकांक्षी प्रखंड लिट्टीपाड़ा में बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में संपूर्णता अभियान 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, प्रखंड आकांक्षी फेलो प्रियंका मोहाली, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी कमल पहाड़िया, प्रखंड कल्याण/कृषि पदाधिकारी के. सी. दास एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मानिक दास द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी,फ्रंट लाइन वर्कर्स,पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से आईईसी सामग्री का प्रदर्शन किया गया तथा फ्रंट लाइन वर्कर्स को अभियान से जुड़ी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि आकांक्षी प्रखंड में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं कृषि से जुड़े महत्वपूर्ण सूचकांकों को टाइम-बाउंड सैचुरेशन के माध्यम से हासिल करना लक्ष्य है। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, गवर्नेंस इंटीग्रेशन तथा विभागीय समन्वय के साथ एसएचजी, स्थानीय नेतृत्व एवं सामुदायिक मंचों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने पर बल दिया।वहीं आकांक्षी प्रखंड फेलो प्रियंका मोहाली ने जन्म के समय वजन किए गए जीवित शिशुओं का अनुपात,टीबी रोग मामलों की रिपोर्टिंग, क्रियाशील बालिका शौचालय, टीकाकृत पशु प्रतिशत तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड के सैचुरेशन जैसे प्रमुख सूचकांकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी राकेश कुमार, भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी अमित कुमार सुमन, महिला पर्यवेक्षिकाएं गायत्री कुमारी, प्रमोदिनी टुडू, सुशीला कुमारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, फ्रंट लाइन वर्कर, पंचायत प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।






