राजकुमार भगत
पाकुड़। डीएवी पब्लिक स्कूल पाकुड़ में मंगलवार को कक्षा X और XII के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए अभिभावक अभिमुखीकरण-सह-बोर्ड परीक्षा मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा की तैयारी के साथ विद्यार्थियों के मानसिक और भावनात्मक विकास में अभिभावकों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कुमार क्रांति प्रसाद और न्यायाधीश विजय कुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने अभिभावकों से कहा कि बोर्ड परीक्षा महत्वपूर्ण है, लेकिन इसे लेकर बच्चों पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों की तुलना दूसरे विद्यार्थियों से करने के बजाय उनकी मेहनत और प्रगति को प्रोत्साहित करें।
कमजोर विषयों पर दें अतिरिक्त समय
कार्यक्रम में नियमित अध्ययन, पाठ्यक्रम के समयबद्ध पुनरावर्तन, मॉडल प्रश्नपत्र और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के अभ्यास पर जोर दिया गया। परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ने, उत्तर लेखन की सही शैली अपनाने और समय का बेहतर इस्तेमाल करने की जानकारी भी दी गई।
घर का माहौल सकारात्मक रखने की अपील
अभिभावकों से बच्चों के लिए घर में शांत और सहयोगात्मक वातावरण बनाने की अपील की गई। पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और पढ़ाई के बीच छोटे विश्राम को भी परीक्षा की तैयारी का जरूरी हिस्सा बताया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के लिए स्कूल और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद जरूरी है। दोनों के संयुक्त प्रयास से बच्चों को बेहतर परीक्षा परिणाम के साथ आत्मविश्वासी और जिम्मेदार बनाने में मदद मिलेगी। अभिभावकों ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बोर्ड परीक्षा की तैयारी में उपयोगी बताया।






