प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा ( पाकुड़) प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रखंड के सभागार भवन में मध्याह्न भोजन योजना अंतर्गत प्रखंड स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई।बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना का नियमित, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन की गुणवत्ता, मात्रा एवं पौष्टिकता की नियमित समीक्षा करने, खाद्यान्न की उपलब्धता व भंडारण की निगरानी करने तथा किसी भी अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।साथ ही विद्यालयों में रसोईघर, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था एवं रसोई उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई।रसोइया-सह-सहायकों के मानदेय भुगतान एवं उपस्थिति की निगरानी, छात्र उपस्थिति के अनुरूप भोजन की तैयारी तथा योजना के अंतर्गत व्यय एवं अभिलेखों की जांच पर सहमति बनी। किसी भी शिकायत अथवा खाद्य विषाक्तता की स्थिति में त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई तथा जिला स्तर को प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया गया। इस दौरान बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के प्रतिनिधि, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी आतिश भट्टाचार्य, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के. सी. दास, सहायक गोदाम प्रबंधक कुंदन कुमार, शिक्षक प्रतिनिधि,एसएमसी उपाध्यक्ष एवं बीआरपी उपस्थित रहे।






