पाकुड़। झारखंड क्रिकेट की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता रणधीर वर्मा ट्रॉफी के लिए पाकुड़ जिला सीनियर क्रिकेट टीम पूरी तरह तैयार है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में पाकुड़ की टीम JSCA सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट प्लेट ग्रुप के तहत हिस्सा ले रही है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में पाकुड़ जिला टीम का सामना चतरा जिला टीम से 2 फरवरी 2026 को कोडरमा में होगा। यह मैच 50 ओवर के एकदिवसीय प्रारूप में खेला जाएगा। टीम 31 जनवरी को कोडरमा के लिए रवाना होगी।
टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी रणवीर सिंह उर्फ रानू को सौंपी गई है। टीम चयन प्रक्रिया में TDCA सचिव प्रणय तिवारी, सोमन घोष, कोषाध्यक्ष गणपत सिंह और लेखाकार रानू सिंह शामिल रहे। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन, फिटनेस और अनुभव को आधार बनाकर टीम का चयन किया है। चयनकर्ताओं के अनुसार इस बार टीम संतुलित नजर आ रही है और बल्लेबाजी व गेंदबाजी दोनों विभाग मजबूत हैं। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि पाकुड़ की टीम टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी। जिला सीनियर क्रिकेट टीम (खिलाड़ी) गौरव चौधरी (कप्तान), गौरव घोष (उपकप्तान), सेंटू कुमार यादव, शुभम कुमार, तुषार घोष, राहुल कुमार राय, रोशन कुमार मिश्रा, जय रजक, हर्ष राज, सेबास्टिन सोरेन, अरिजीत मंडल, समसुद बिस्वास, युसुफ शेख, तनवीर आलम, रितेश राज और प्रियांशु कुमार।
टीम के खिलाड़ियों में मुकाबले को लेकर खासा उत्साह है। खिलाड़ियों का कहना है कि वे पूरी तैयारी और रणनीति के साथ मैदान में उतरेंगे। वहीं जिले के क्रिकेट प्रेमियों को भी इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।





