इकबाल हुसैन
महेशपुर | झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के स्थापना दिवस को लेकर महेशपुर प्रखंड में तैयारियां जोरों पर हैं। 2 फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में होने वाले स्थापना दिवस समारोह को लेकर झामुमो प्रखंड कार्यालय महेशपुर में प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि महेशपुर प्रखंड से कार्यकर्ताओं की मजबूत और अनुशासित भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए पंचायत स्तर तक तैयारी करने और हर गांव से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को दुमका पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया। प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने कार्यकर्ताओं से कहा कि स्थापना दिवस पार्टी के लिए अहम अवसर है। सभी लोग समय पर दुमका पहुंचें और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में योगदान दें। बैठक में वाहनों की व्यवस्था, संपर्क अभियान और प्रचार-प्रसार की रणनीति पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद “2 फरवरी दुमका चलो” अभियान को तेज करते हुए महेशपुर के अंबेडकर चौक सहित प्रखंड के विभिन्न गली-मोहल्लों में झामुमो के झंडे और बैनर लगाए गए। इससे पूरे क्षेत्र में स्थापना दिवस को लेकर उत्साह का माहौल बन गया है। मौके पर जिला सह सचिव लाल मुहम्मद अंसारी, प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक, मैनुद्दीन अंसारी, नसीम अहमद, अभिषेक कुमार सिंह उर्फ गोलक, मो. असद, पोल्टू शेख, मोताहार शेख, पप्पू अंसारी, बुदल यादव, टाइगर शेख समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।







