पाकुड़िया (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के राजपोखर पंचायत अंतर्गत सिदपुर गांव के पास मंगलवार को ग्रामीणों में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली सियार आबादी क्षेत्र में विचरण करता नजर आया। ग्रामीणों की सूचना पर पाकुड़िया पुलिस और जिला वन विभाग की संयुक्त रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से सियार को पकड़कर पाकुड़ वन कार्यालय ले गई।
वन विभाग की रेस्क्यू टीम में शामिल अशराफुल शेख और जानिसार अख्तर पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानी बरतते हुए सियार को काबू में लिया, ताकि न तो किसी ग्रामीण को नुकसान हो और न ही वन्य जीव को कोई चोट पहुंचे। रेस्क्यू टीम के सदस्य अशराफुल शेख ने बताया कि सियार बीमार अवस्था में पाया गया है। उसे वन विभाग के माध्यम से उचित उपचार के लिए भेजा गया है। इलाज के बाद स्वस्थ होने पर सियार को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।
रेस्क्यू अभियान के दौरान पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की तत्परता से एक ओर ग्रामीणों को संभावित खतरे से बचाया गया, वहीं दूसरी ओर वन्य जीव की जान भी सुरक्षित की गई।





