पाकुड़। जिले में झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा का दूसरा दिन मंगलवार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। परीक्षा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उपायुक्त मनीष कुमार ने पीएम श्री मध्य विद्यालय धनुषपूजा, पाकुड़ स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाएं, परीक्षार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाएं और सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्राधीक्षक, वीक्षकों और परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और अनुशासित माहौल में संपन्न कराई जाए।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य है। उपायुक्त ने दंडाधिकारियों और परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। परीक्षा कदाचार-मुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं।









