Search

September 11, 2026 8:34 pm

तीन साल तय करेंगे करियर की दिशा, डिग्री से ज्यादा कौशल पर दें जोर : डीसी।

पाकुड़ पॉलिटेक्निक में शुक्रवार को नए सत्र के विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को करियर की दिशा तय करने के साथ पढ़ाई, अनुशासन और कौशल विकास को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उपायुक्त ने कहा कि कॉलेज के तीन साल जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्षों में से हैं। इन्हें केवल डिप्लोमा हासिल करने तक सीमित न रखें, बल्कि ज्ञान, तकनीकी कौशल, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास की मजबूत नींव तैयार करें। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ कम से कम एक नया कौशल सीखने, शिक्षकों से संवाद करने और संस्थान की प्रयोगशालाओं व उपलब्ध संसाधनों का भरपूर उपयोग करने की सलाह दी।

मोबाइल और इंटरनेट पढ़ाई का हथियार बनाएं

डीसी ने कहा कि डिजिटल दौर में इंटरनेट विद्यार्थियों के लिए बड़ी ताकत है। इसका उपयोग मनोरंजन के बजाय नई तकनीक, शैक्षणिक सामग्री और रोजगार से जुड़े कौशल सीखने में करें। उन्होंने विद्यार्थियों को पियर लर्निंग अपनाने और एक-दूसरे की मदद से सकारात्मक माहौल बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि कई विद्यार्थी पहली बार घर से दूर आए हैं। शुरुआत में नया माहौल मुश्किल लग सकता है, लेकिन यही कॉलेज की यात्रा आगे चलकर जीवन की यादगार याद बन सकती है।

पढ़ाई के साथ खेल और स्वास्थ्य पर भी ध्यान

उपायुक्त ने विद्यार्थियों को नियमित खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल से फिटनेस के साथ टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन विकसित होता है। विद्यार्थियों को नशे और अन्य हानिकारक आदतों से दूर रहने की भी अपील की। उप निदेशक आलोक कुमार ने कहा कि अच्छी संगति विद्यार्थी जीवन को सही दिशा देती है। उन्होंने शिक्षकों से सवाल पूछने और हॉस्टल के स्टडी आवर का सदुपयोग करने की सलाह दी।
निदेशक अमिया रंजन बड़ाजेना ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, प्रायोगिक प्रशिक्षण और बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि संस्थान के विद्यार्थी देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों में काम कर रहे हैं। प्राचार्य डॉ. सुषमा यादव ने बताया कि वर्ष 2016 में स्थापित पाकुड़ पॉलिटेक्निक ने दस वर्ष पूरे कर लिए हैं। यहां डिप्लोमा इंजीनियरिंग के साथ वर्ष 2023 से बीसीए की पढ़ाई भी संचालित है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।

img 20260911 wa00145834674190784664654
img 20260911 wa00135528206189720017230

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!