Search

February 13, 2026 6:21 am

लेटेस्ट न्यूज़

बल्लभपुर–फारसा मुख्य सड़क जर्जर, गड्ढों में तब्दील मार्ग बना हादसों का न्योता।

स्कूली बच्चे, मजदूर-किसान रोज गुजरते हैं, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना।

पाकुड़ | बल्लभपुर और फारसा के बीच स्थित मुख्य सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। सड़क कई जगहों पर पूरी तरह टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं, जिनमें स्कूली बच्चे, मजदूर, किसान और आम नागरिक शामिल हैं। जर्जर सड़क के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हर दिन हादसे का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और भी खतरनाक हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। कई बार लोग गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। हाल ही में एसडीपीआई के प्रदेश अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य जनाब मोहम्मद हंजेला शेख इस मार्ग से गुजरे। उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति देखकर नाराजगी जताई और इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक जीवन की अहम कड़ी है। इसके बावजूद लंबे समय से मरम्मत नहीं होना चिंता का विषय है। हंजेला शेख ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से मांग की कि बल्लभपुर–फारसा सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही स्थायी समाधान के तहत सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो एसडीपीआई जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। एसडीपीआई ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन इस मुद्दे को लेकर हर स्तर पर आवाज उठाता रहेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर