Search

February 11, 2026 11:54 am

चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रत्याशियों में जोश, समर्थकों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत

नामांकन वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ, प्रचार ने पकड़ी रफ्तार

पाकुड़ में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि बीतते ही निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव मैदान में डटे सभी प्रत्याशियों को उनके चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए। जैसे ही प्रत्याशियों को आधिकारिक चिन्ह मिले, उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्साह चरम पर दिखा। निर्वाचन कार्यालय के बाहर सुबह से ही समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। कोई प्रत्याशी जैसे ही चिन्ह लेकर बाहर निकला, समर्थकों ने नारेबाजी, तालियों और फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। कई प्रत्याशियों ने इसे अपनी “पहली जीत” बताते हुए अब पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरने की बात कही। हालांकि इस बार चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, लेकिन अधिकांश प्रत्याशी किसी न किसी राजनीतिक दल के समर्थित बताए जा रहे हैं। ऐसे में चिन्ह मिलने के साथ ही चुनावी माहौल और गर्म हो गया है। इस बार प्रत्याशियों को मिले चुनाव चिन्ह भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। किसी को अलमीरा, किसी को बल्ला, ब्लैक बोर्ड, डबल रोटी, बेबी वॉकर और मोतियों का हार जैसे रोचक चिन्ह मिले हैं। एक प्रत्याशी ने मुस्कुराते हुए कहा, मुझे बल्ला मिला है, अब चुनावी पिच पर विकास के चौके-छक्के लगेंगे। चिन्ह मिलते ही प्रत्याशियों ने बिना देरी किए डिजिटल और जमीनी प्रचार तेज कर दिया है। वार्डों में पोस्टर-बैनर लगाने से लेकर डोर-टू-डोर संपर्क अभियान शुरू हो गया है। चुनाव चिन्ह के साथ अब प्रत्याशियों की पहचान साफ हो गई है और पाकुड़ में स्थानीय निकाय चुनाव की सियासी जंग पूरी तरह मैदान में उतर चुकी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर