उपायुक्त–एसपी के निर्देश पर नवोदय व उत्क्रमित हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम
पाकुड़ | सड़क सुरक्षा जागरूकता माह-2026 के तहत महेशपुर थाना क्षेत्र के जवाहर नवोदय विद्यालय, तलियापोखर और उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बोढ़ा में सोमवार को सड़क सुरक्षा पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को सड़क दुर्घटनाओं के कारण, उनसे बचाव के उपाय और सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी गई। बताया गया कि तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना तथा ट्रैफिक नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। छात्रों को समझाया गया कि सड़क पार करते समय सतर्क रहें, वाहन चलाते समय गति सीमित रखें, हेलमेट व सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और दूसरों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में यह भी संदेश दिया गया कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह ‘नेक नागरिक और जिम्मेदार राहगीर’ बनकर सड़क पर चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
जिले को दुर्घटनामुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम पूरे वर्ष चलाए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचे। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), महेशपुर थाना प्रभारी, सड़क सुरक्षा प्रबंधक, दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।






