राजकुमार भगत
पाकुड़। डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ में शनिवार को सीबीएसई के तत्वावधान में एकदिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शिक्षकों को बदलते शैक्षणिक परिवेश के अनुरूप आधुनिक और प्रभावी शिक्षण-पद्धतियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में डीएवी सीसीएल गांधी नगर के वरिष्ठ शिक्षक रंजीव कुमार राज और एलीट पब्लिक स्कूल, पाकुड़ के प्राचार्य अभिजीत रॉय ने रिसोर्स पर्सन के रूप में शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण, नवीन तकनीकों और कक्षा-कक्ष की चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्हें निरंतर सीखने और विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार शिक्षण पद्धति में बदलाव करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण जरूरी है। अद्यतन और प्रशिक्षित शिक्षक ही विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे सकते हैं।








