पाकुड़िया (पाकुड़)। थाना के सामने स्थित बस स्टैंड पर संचालित खनन चेकपोस्ट में रविवार देर रात करीब 2 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही सेकेंड में पूरा चेकपोस्ट जलकर राख हो गया। घटना के वक्त ड्यूटी पर मौजूद चौकीदार बाल-बाल बच निकला। आग की चपेट में आकर चेकपोस्ट के अंदर रखा टेबल-कुर्सी, चौकी, इनवर्टर, बैटरी, सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर, हीटर, बड़ी मात्रा में माइनिंग चालान, अलमीरा समेत पाकुड़िया थाना की नई पेट्रोलिंग सायरन लगी मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग की लपटों से पास में स्थित पाकुड़िया निवासी लाल मुद्दिन अंसारी की पान की गुमटी भी जल गई। गुमटी मालिक के अनुसार आग लगने से लगभग 90 हजार रुपये का सामान नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही पाकुड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन चेकपोस्ट फूस का बना होने के कारण आग कुछ ही पलों में विकराल रूप ले चुकी थी। देखते ही देखते पूरा ढांचा जलकर गिर पड़ा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चेकपोस्ट में बिजली के शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





