Search

February 11, 2026 11:55 pm

सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिजन पूर्व मुख्यमंत्री के इंतजार में बैठे रहे, नहीं पहुंचे बाबूलाल मरांडी

निराश होकर लौटे पीड़ित परिजन और ग्रामीण, बोले– दुख की घड़ी में कोई साथ नहीं।

पाकुड़। शहर के गांधी चौक स्थित मस्जिद के सामने हुई सड़क दुर्घटना में तलवाड़ांगा निवासी युवक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण न्याय की उम्मीद लेकर बुधवार को राज्य के पूर्व प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से मिलने घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन वे नहीं पहुंचे। तय कार्यक्रम के बावजूद मुलाकात नहीं होने से पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में गहरी निराशा देखी गई।
घटना के बाद प्रशासन की कथित लापरवाही को लेकर लोगों ने सड़क पर उतरकर करीब नौ घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया था। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। इस मामले में नगर थाना में नामजद व अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित परिवार ने निर्दोष लोगों को फंसाने के आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने का कार्यक्रम पहले से तय था। वे सुबह से ही इंतजार करते रहे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि दुख की इस घड़ी में आज तक कोई बड़ा नेता गांव नहीं पहुंचा। पूर्व मुख्यमंत्री का नहीं आना पीड़ित परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है। इस मामले पर जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने कहा कि बाबूलाल मरांडी के पाकुड़ आगमन की जानकारी एक दिन पहले ही जिला भाजपा अध्यक्ष सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों को दे दी गई थी। उनसे कहा गया था कि पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को लेकर अपर्णा मार्केट परिसर पहुंचे। लेकिन ग्रामीणों की मांग थी कि पूर्व मुख्यमंत्री खुद गांव आकर पीड़ित परिवार से मिलें। मौके पर मुखिया, पीड़ित परिवार के सदस्य, ग्रामीण और विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद थे। लोगों ने मांग की कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो और निर्दोषों पर कार्रवाई न हो।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर