पाकुड़िया (पाकुड़): प्रखंड के पलियादाहा गांव में देर रात पारंपरिक माघी मेला का भव्य आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि पाकुड़िया झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा ने फीता काटकर किया। आयोजन समिति की ओर से उन्हें आदिवासी रीति-रिवाज के अनुसार माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में ग्रामीण माघी मेला में शामिल हुए। मेले में आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति हुई। कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मोतीलाल हांसदा ने कहा कि माघी मेला आदिवासी समाज की आस्था और परंपरा से जुड़ा पर्व है। सदियों से यह मेला सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक रहा है। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मेले का आनंद लेने की अपील की। साथ ही राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका पूरा लाभ उठाने की बात कही। कार्यक्रम में प्रखंड उपाध्यक्ष निवारन मरांडी, झामुमो जिला संगठन सचिव मुनीराम मरांडी, दाउत मरांडी, प्रखंड अल्पसंख्यक अध्यक्ष नजरूल इस्लाम, युवा मोर्चा सचिव नेगार अंसारी, मंटू भगत, हाकिम अंसारी, लालबाबू शेख, राजेश, हफाजुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।






