पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 3 अंतर्गत छोटी अलीगंज में अज्ञात बीमारी से मुर्गियों की मौत की खबर सामने आने के बाद पशुपालन विभाग हरकत में आ गया है। इस मामले को लेकर जीडी न्यूज लाइव और झारखंड की हकीकत द्वारा खबर प्रकाशित किए जाने के बाद शनिवार को विभागीय टीम मौके पर पहुंची। पशुपालन विभाग में पदस्थापित प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी अभिषेक यादव छोटी अलीगंज स्थित प्रभावित घर पहुंचे। उनके साथ पीएलवी नीरज राउत भी मौजूद थे। टीम ने जीवित बची मुर्गियों का निरीक्षण किया और उन्हें दवा दी। डॉ. अभिषेक यादव ने बताया कि फिलहाल शेष मुर्गियों को दवा दी जा रही है। यदि मुर्गियों के मरने का सिलसिला आगे भी जारी रहता है, तो सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि बीमारी की सही वजह का पता लगाया जा सके।
स्थानीय निवासी पौलुश टुडू के घर में बीते एक दिन के भीतर दो मुर्गियों की मौत हो चुकी है। वहीं, पड़ोस के एक अन्य परिवार की भी एक मुर्गी मृत पाई गई थी। इस मामले में पौलुश टुडू की पत्नी कल्याणी मुर्मू ने बताया कि अचानक मुर्गियों के मरने से परिवार चिंतित है और गांव में भी भय का माहौल बना हुआ है। विभाग की टीम ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने और बीमार मुर्गियों को अलग रखने की अपील की है। साथ ही, किसी भी नई मौत की सूचना तुरंत पशुपालन विभाग को देने को कहा गया है।





