दीप प्रज्वलन कर किया उद्घाटन, विजेताओं को मेडल-ट्रॉफी देकर किया सम्मानित।
इकबाल हुसैन
पाकुड़िया। लागडुम पंचायत स्थित संत लुकास विद्यालय, बेलपहाड़ी में शनिवार को वार्षिक खेल उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर खेल उत्सव का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
खेल उत्सव के दौरान बच्चों ने रेस, रिले रेस, कबड्डी और लॉन्ग जंप सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मशाल दौड़ और मार्च पास्ट रहा, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। विजेता प्रतिभागियों को उपासना मरांडी ने मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेल और अनुशासन शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेल से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर अनुशासन व मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और विद्यालय प्रबंधन की सराहना की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि का माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ महेंद्र टुडू, मुखिया विमला बास्की, शिबलाल टुडू, रिफाइल मुर्मू, खुदू सहित झामुमो कार्यकर्ता, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








