पाकुड़। अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए खनन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। बुधवार देर रात जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार और खनन निरीक्षक ने हिरणपुर अंचल के रानीपुर चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने चेकपोस्ट की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और खनिज लदे वाहनों की जांच व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वाहनों के जरूरी दस्तावेज, नियमों के अनुपालन और जांच प्रक्रिया की समीक्षा की। चेकपोस्ट कर्मियों को निर्देश दिया गया कि गुजरने वाले प्रत्येक खनिज परिवहन वाहन की नियमित और प्रभावी जांच सुनिश्चित करें। जिला खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध परिवहन या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। संदिग्ध वाहनों की विशेष जांच करने को भी कहा गया। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और खनिज भंडारण पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। चेकपोस्ट की व्यवस्था को और प्रभावी बनाते हुए नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।





