Search

February 20, 2026 11:13 pm

चुनाव लोकतंत्र की आत्मा है और इसकी शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा,एसपी।

नगरपालिका चुनाव पर डीसी–एसपी सख्त, आचार संहिता तोड़ी तो होगी सीधी कार्रवाई।

Also Read: E-paper 21-01-26

पाकुड़। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में रविन्द्र भवन में अभ्यर्थियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा की उपस्थिति में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने की। बैठक में व्यय प्रेक्षक, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू तथा सभी निर्वाची पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान एसपी निधि द्विवेदी ने दो टूक शब्दों में कहा कि चुनाव लोकतंत्र की आत्मा है और इसकी शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन, अवैध प्रचार, मतदाताओं को डराने-धमकाने या प्रभावित करने की कोशिश पर तत्काल और कठोर कार्रवाई होगी। मतदान केंद्रों और उसके आसपास अनावश्यक भीड़, गड़बड़ी या अनुचित गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। वहीं डीसी मनीष कुमार ने अभ्यर्थियों को निर्वाचन व्यय, प्रचार नियम और मतदान प्रक्रिया से संबंधित अहम दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी उम्मीदवार अपने चुनाव खर्च का सही, पारदर्शी और समयबद्ध विवरण अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी वार्डों में चुनावी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
डीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदान से 48 घंटे पूर्व किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार, सार्वजनिक सभा, जुलूस अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मतदान के दिन केवल अधिकृत पहचान पत्रधारी अभिकर्ताओं और कर्मियों को ही मतदान केंद्र में प्रवेश मिलेगा। मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पूरी तरह रोक रहेगी। अंत में जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और अपने समर्थकों को भी आचार संहिता के प्रति जागरूक करें, ताकि नगरपालिका चुनाव 2026 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और विश्वासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

img 20260220 wa00336530820833954124394
img 20260220 wa0030249857530709837688

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर