पाकुड़िया। नावा मार्सल क्लब, पंचायत फूलझीझिरी के ग्राम दलदली खेदामारा के तत्वावधान में दलदली मैदान पर आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेलप्रेमियों के उत्साह के बीच संपन्न हुआ। फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी, प्रखंड उपाध्यक्ष अशोक भगत और मुखिया बिनय सोरेन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल उछालकर किया। आयोजन स्थल पर पहुंचीं अतिथियों का क्लब अध्यक्ष सहित सदस्यों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उपासना मरांडी ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीमवर्क और आगे बढ़ने का मंच देता है तथा उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। फाइनल मुकाबला हिरणपुर देवा टीम और सपादहा के बीच खेला गया, जिसमें हिरणपुर देवा ने कड़े मुकाबले में सपादहा को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने भाग लिया। विजेता हिरणपुर देवा टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में बड़ा खस्सी, जबकि उपविजेता सपादहा टीम को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप छोटा खस्सी प्रदान किया गया। मौके पर महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष शुभसिनी मुर्मू, सिल्वन्ति मुर्मू, अजीमुद्दीन अंसारी, पूर्व मुखिया गोमस्ता हेमब्रोम, बबलू मास्टर, कायलु अंसारी सहित झामुमो कार्यकर्ता और सैकड़ों खेलप्रेमी मौजूद रहे। आयोजन ने क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा दी और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।







