पाकुड़/ नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने पुलिस केंद्र, पाकुड़ में चुनाव ड्यूटी में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को विस्तृत ब्रिफिंग दी।
ब्रिफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मतदान प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। वहीं, मतदान को लेकर आमजन में विश्वास बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से नगर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। फ्लैग मार्च के जरिए सुरक्षा व्यवस्था का संदेश देते हुए पुलिस ने साफ किया कि चुनाव के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि पाकुड़ में नगर निकाय चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न कराया जाएगा।







