पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी परिवहन, यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने होली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए पूरे जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। जांच के दौरान बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, रैश ड्राइविंग, सीट बेल्ट का उल्लंघन, नशे में वाहन चलाना, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, बिना कागजात के वाहन, हाई बीम लाइट, प्रेशर हॉर्न और अवैध बॉडी अल्टरेशन जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में 75 तथा वर्ष 2026 (जनवरी–फरवरी) में 12 सड़क दुर्घटनाएँ दर्ज हुईं। कुल 87 दुर्घटनाओं में 79 लोगों की मृत्यु हुई है। उपायुक्त ने कहा कि हर नागरिक का जीवन अमूल्य है; दुर्घटनाओं और मृत्यु दर को कम करने के लिए कानूनी कार्रवाई के साथ व्यापक जागरूकता जरूरी है। उन्होंने हिट एंड रन मामलों के त्वरित निष्पादन, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री नियमों का कड़ाई से पालन, तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थापना पर जोर दिया। पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर सभी पंपों पर सीसीटीवी लगाने को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, अतिरिक्त एंगल लगे ट्रैक्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर अवैध संशोधन हटाने और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।





