Search

April 15, 2026 11:20 pm

होली से पहले जिला प्रशासन सख्त, रंग-मिठाई और दवाइयों की जांच अभियान तेज।

मेडिकल स्टोरों में एंटी एलर्जिक दवाइयां पर्याप्त, हर्बल रंगों के उपयोग की अपील

पाकुड़। होली पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य पदार्थों, खाद्य तेल, मिठाइयों, होली के रंगों और दवाइयों की गुणवत्ता जांच का विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में कृषि उत्पादन बाजार समिति, पाकुड़ के पणन सचिव श्री संजय कच्छप ने बुधवार को जिले के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एंटी एलर्जिक दवाइयों के भंडारण और उपलब्धता की जांच की। जांच में पाया गया कि सभी मेडिकल स्टोरों में एंटी एलर्जिक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे होली के दौरान एलर्जी या त्वचा संबंधी समस्याओं से निपटने में लोगों को राहत मिलेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों को देखते हुए यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावटखोरी और घटिया गुणवत्ता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें। वहीं पणन सचिव श्री संजय कच्छप ने जिलेवासियों से अपील की है कि होली के दौरान रासायनिक रंगों से परहेज करें और हर्बल व प्राकृतिक रंगों का ही उपयोग करें। इससे न केवल त्वचा और स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!