पाकुड़ में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत नगर परिषद क्षेत्र के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों की मतगणना गुरुवार को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गई। सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना प्रक्रिया दोपहर 12 बजे तक सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्र पर प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
मतगणना उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए मतगणना कराई गई और सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिए गए हैं। उन्होंने निर्वाचन कार्य से जुड़े आरओ, एआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी, विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारी, बीएलओ व बीएलओ सुपरवाइजर, पुलिस बल, होमगार्ड, चौकीदार, मेडिकल टीम, शिक्षक, मास्टर ट्रेनर, मीडिया प्रतिनिधि, मतदान व मतगणना कर्मी, तकनीकी टीम, एसएसटी-एफएसटी, वाहन चालक एवं अन्य सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके अनुसार, उपाध्यक्ष का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से निर्धारित तिथि पर कराया जाएगा, जबकि विजयी अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण 12 मार्च को होगा। वहीं, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि मतगणना के दौरान करीब 450 पुलिसकर्मियों, होमगार्ड व चौकीदारों की तैनाती की गई थी, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकी। उन्होंने जनता, प्रशासन, पुलिस बल, मीडिया एवं चुनाव ड्यूटी में लगे सभी कर्मियों को धन्यवाद देते हुए विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं और आदर्श आचार संहिता लागू रहने तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।








