पाकुड़। लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय एवं ऊर्जावान विधायक हेमलाल मुर्मू ने विधानसभा सत्र के दौरान पाकुड़ जिले की जर्जर हो चुकी मुख्य सड़क की गंभीर समस्या को सदन में मजबूती से उठाया। विधायक ने सरकार का ध्यान धरमपुर मोड़ से लिट्टीपाड़ा, लिट्टीपाड़ा से हिरणपुर तथा हिरणपुर से पाकुड़ तक जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकृष्ट कराया। विधायक श्री मुर्मू ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत और अनुरक्षण के अभाव में पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है। आए दिन राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि उक्त सड़क का शीघ्र निर्माण, अनुरक्षण एवं मरम्मती कार्य कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके। विधायक ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आमजन की परेशानी और बढ़ेगी।






