पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत सभी मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पाकुड़िया थाना कार्यालय में प्रखंड स्तरीय मंदिर कमेटियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने की। बैठक में थाना प्रभारी ने बताया कि जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार धार्मिक स्थलों में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी मंदिर कमेटियों को तय गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मंदिर के अंदर, बाहर, प्रवेश द्वार तथा मंदिर प्रांगण के चारों ओर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके। उन्होंने सभी मंदिर समितियों से सतर्क रहने को कहा और स्पष्ट किया कि यदि मंदिर के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या किसी की गतिविधि असामान्य लगे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी किए पाकुड़िया थाना को जानकारी देने का निर्देश भी दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि जनसहयोग से ही अपराधमुक्त वातावरण बनाया जा सकता है। बैठक में मौजूद मंदिर कमेटी के सदस्यों ने पुलिस के सुझावों पर सहमति जताते हुए जल्द सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आश्वासन दिया।
बैठक में पाकुड़िया हनुमान मंदिर, राम-सीता मंदिर, मोंगलाबांध काली मंदिर, दुर्गा मंदिर, शिव-पार्वती मंदिर सहित विभिन्न गांवों के मंदिर कमेटियों के अध्यक्ष व सचिव उपस्थित रहे।






