Search

September 29, 2026 8:57 pm

पंडाल से विसर्जन तक पुलिस की पैनी नजर, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी।

पाकुड़। दुर्गा पूजा को लेकर पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। पूजा पंडालों से लेकर विसर्जन जुलूस तक पुलिस की पैनी नजर रहेगी। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी, पंडालों में सीसीटीवी और 24 घंटे कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग की जाएगी। मंगलवार को एसपी अनुदीप सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। एसपी ने सभी थाना-ओपी प्रभारियों को पूजा समितियों और गणमान्य लोगों के साथ शांति समिति की बैठक करने तथा सभी पंडालों और जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करने को कहा। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ बहुमंजिला इमारतों की छतों से भी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

हर घंटे कंट्रोल रूम को देनी होगी रिपोर्ट।

पूजा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल और महिला जवानों की तैनाती होगी। ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी हर एक घंटे में वायरलेस के माध्यम से संयुक्त नियंत्रण कक्ष को खैरियत रिपोर्ट देंगे। भीड़ वाले पंडालों में अलग प्रवेश-निकास द्वार, सुरक्षित पार्किंग, रोशनी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

छेड़खानी-चोरी पर विशेष निगरानी, सोशल मीडिया भी रडार पर।

पूजा के दौरान छेड़खानी, चोरी और छिनतई रोकने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर नजर रहेगी। ऐसे मामलों में निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पूजा के नाम पर होने वाली अवैध चंदा उगाही को भी चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

विसर्जन घाटों पर गोताखोर, डीजे पर हाईकोर्ट के आदेश का पालन।

मूर्ति विसर्जन के दौरान जुलूस मार्गों, धार्मिक स्थलों और विवादित क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाएगा। विसर्जन घाटों और नदियों पर गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। डीजे के इस्तेमाल को लेकर हाईकोर्ट के आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा। डांडिया, कलश यात्रा और विजयादशमी समारोह में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा भगदड़ रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

एसपी ने कहा—त्योहार शांतिपूर्ण कराना प्राथमिकता।

बैठक में एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। क्यूआरटी को तैयार रखने, जरूरत के अनुसार पुलिस हेल्पडेस्क बनाने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!