Search

March 14, 2026 1:46 am

नाला निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत पर मौके पर पहुंचे अजहर इस्लाम, बोले – दोषी मिले तो मेरे चचेरे भाई पर भी हो कार्रवाई।

पाकुड़: पाकुड़ सदर प्रखंड के हिरानंदनपुर गांव में पियादापुर–हिरानंदनपुर बाईपास सड़क पर बन रहे पक्का नाला निर्माण में अनियमितता की शिकायत के बाद पूर्व एनडीए प्रत्याशी व समाजसेवी अजहर इस्लाम शुक्रवार को स्वयं मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण महिलाएं और बुजुर्गों ने उनसे मिलकर नाला निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद उन्होंने निर्माण स्थल का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाला के ऊपर बने स्लैब में सरिया (आयरन रॉड) का पर्याप्त और सही तरीके से उपयोग नहीं किया गया है। साथ ही नाला की गहराई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं दिखी। इस पर उन्होंने कहा कि पहली नजर में निर्माण कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं लग रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अजहर इस्लाम ने तुरंत सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से फोन पर बात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस ठेकेदार द्वारा नाला का निर्माण कराया जा रहा है, वह उनका चचेरा भाई है। इसके बावजूद यदि जांच में वह दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “गलत कोई भी हो, वह गलत है। कानून सबके लिए बराबर है।”
ग्रामीणों ने इस दौरान अब्दुल कलाम आजाद बाईपास से ओवरब्रिज तक करीब डेढ़ वर्ष पहले करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क के कई जगहों पर क्षतिग्रस्त होने की शिकायत भी की। इस पर अजहर इस्लाम ने मौके पर जाकर सड़क की स्थिति का भी जायजा लिया और इसे चिंताजनक बताया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले को विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
अंत में उन्होंने कहा कि उनके लिए राजनीति सत्ता या पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का रास्ता है। गरीब, मजदूर और आम लोगों की समस्याओं को उठाना ही उनका उद्देश्य है और जनता के पैसे का सही उपयोग सुनिश्चित करना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।

img 20260313 wa00714839112019471839642
img 20260313 wa00721476489261945690331
img 20260313 wa00748534503101827583411
img 20260313 wa00731875805725210975983

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर