व्यवहार न्यायालय से प्रधान जिला जज दिवाकर पांडे वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम में हुए शामिल।
पाकुड़। राष्ट्रीय लोक अदालत सह राज्य स्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तिकरण कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन शनिवार को जमशेदपुर के सिदगोड़ा टाउन हॉल से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष सह प्रशासनिक न्यायाधीश (जमशेदपुर न्यायपालिका) माननीय जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने अन्य न्यायाधीशों एवं गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया। इस अवसर पर पाकुड़ व्यवहार न्यायालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दिवाकर पांडे वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक, अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्र, डालसा सचिव रूपा बंदना किरो, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी तथा अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्ज्वल बेक भी ऑनलाइन जुड़े।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित और आपसी सहमति के आधार पर निपटारे के लिए कुल आठ बेंचों का गठन किया गया था। इन बेंचों में पारिवारिक विवाद (तलाक, भरण-पोषण), बैंक ऋण, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना दावा और सुलहनीय आपराधिक मामलों सहित अन्य योग्य मामलों का निस्तारण किया गया।
लोक अदालत के दौरान कुल 16,279 मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें 8 करोड़ 64 लाख 10 हजार 482 रुपये का आपसी समझौता कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, वादी-प्रतिवादी तथा पैरा लीगल वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।







