पाकुड़िया: प्रखंड स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के 21वें स्थापना दिवस समारोह में महेशपुर के विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कस्तूरबा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में विधायक ने छात्राओं को कस्तूरबा गांधी के जीवन से सीख लेने की प्रेरणा दी और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय ने पिछले 21 वर्षों में सराहनीय कार्य किया है और आगे भी इसके विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विधायक के हाथों मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इससे पहले छात्राओं ने बैंड व पारंपरिक संथाली नृत्य के साथ मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने बीते एक वर्ष की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, शिक्षा पदाधिकारी सुमिता मरांडी, वार्डन अस्सूनता मुर्मू सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।






