मतदाता सूची शुद्धिकरण से लेकर संगठन सशक्तिकरण तक—भाजपा कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र।
पाकुड़: संथाल परगना दौरे पर आए पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को पाकुड़ परिसदन में भाजपा कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान और मतदाता सूची शुद्धिकरण अहम हथियार हैं। भाजपा के जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू और अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल का फूलों के गुलदस्ते से जोरदार स्वागत किया। बाबूलाल ने विधानसभा स्तरीय कार्यशाला में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अप्रेल से शुरू होने वाले मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान में मृत व्यक्तियों, बाहर रहने वालों, एक से अधिक जगहों पर नाम दर्ज लोगों और अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम को हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2003 में सूची में शामिल परिवारों को ही नए अपडेट में जोड़ा जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “बूथ की मजबूती सीधे चुनावी नतीजों से जुड़ी है। चुनाव के बाद संगठन को मजबूत बनाए रखना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।” उन्होंने बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि इस बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। बाबूलाल ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय रहें, बूथ मजबूत करें और बाहरी तत्वों पर कड़ी नजर रखें, ताकि स्थानीय जनता की सुरक्षा और शांति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मीडिया से कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को हटाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में लोगों का खुशहाल जीवन सुनिश्चित होगा। कार्यशाला में बाबूलाल ने यह भी कहा कि भाजपा ही आदिवासियों और आम जनता के हितों की रक्षक है और खनिज संपदा की तस्करी एवं सरकारी राजस्व के नुकसान पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन, सदस्यता अभियान और जनहित की समस्याओं में सक्रिय रहने का संदेश दिया।





