राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत प्रोजेक्ट परख के तहत सरकारी विद्यालयों के छात्र- छात्राओं को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने हेतु तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार एवं एडीपीओ पीयूष कुमार द्वारा परिसदन, पाकुड़ से 120 छात्र- छात्राओं के दल को 3 बसों के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह भ्रमण कक्षा 06 से 08 तक के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया है, जिनका चयन जिले के सभी प्रखंडों से किया गया है।
इन स्थलों का कराया जाएगा भ्रमण
इस शैक्षणिक यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं को मधुवन पारसनाथ एवं पीरटांड़ (जिला गिरीडीह) सर जे. सी. बसु स्मारक स्थल,चिड़ियाघर, ओरमांझी स्थित मछली घर एवं अन्य दर्शनीय ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जिससे उन्हें प्रकृति, विज्ञान, इतिहास एवं संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होंगी। उपायुक्त मनीष कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण उनके लिए सीखने, समझने एवं नए अनुभव प्राप्त करने का एक अनमोल अवसर है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी किताबों में जो पढ़ते हैं, इस प्रकार के भ्रमण से उन्हें उसका वास्तविक अनुभव मिलता है। यह पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से छात्रों में आपसी सहयोग, अनुशासन एवं टीम भावना का विकास होगा, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
उपायुक्त ने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके साथ सुरक्षा बल एवं मेडिकल टीम भी भेजी गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।







