‘रन फॉर डीएवी’ में बच्चों के साथ अभिभावकों और शिक्षकों ने भी लगाई दौड़, जिला खेल पदाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी
पाकुड़। गांधी जयंती और शास्त्री जयंती पर शुक्रवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। मौका था ‘रन फॉर डीएवी’ का, जहां बच्चे ही नहीं, बल्कि अभिभावक और शिक्षक भी कदम से कदम मिलाकर दौड़े। आयोजन के जरिए एकता, अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। विद्यालय परिसर से निकली दौड़ बस स्टैंड, पुलिस लाइन और डीपीएस स्कूल होते हुए निर्धारित मार्ग से गुजरी। प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना। बच्चों के साथ अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने इसे सामूहिक आयोजन का रूप दिया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और नैतिकता के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का भी जरिया है। दौड़ समाप्त होने के बाद विद्यालय के सभागार में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वहीं, महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आयोजन ने संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर, अनुशासित जीवन और मजबूत सामूहिक भावना से ही जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण संभव है।








