पाकुड़। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए गुरुवार को उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और रिकॉर्ड संधारण की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी शमा परवीन ने बताया कि यहां महिलाओं को एक ही स्थान पर कानूनी सहायता, पुलिस मदद, चिकित्सा सुविधा और अस्थायी आश्रय दिया जाता है। अधिकांश मामले घरेलू हिंसा से जुड़े होते हैं, जिनमें काउंसलिंग के जरिए समाधान की कोशिश की जाती है। डीसी और एसपी ने दस्तावेजों के व्यवस्थित रखरखाव पर जोर देते हुए कहा कि हर मामले का रिकॉर्ड साफ और अपडेटेड होना चाहिए। साथ ही, उन्होंने केंद्र में काम कर रही महिला कर्मियों की सराहना की और निर्देश दिया कि पीड़ितों के साथ संवेदनशील और त्वरित व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों ने कई निर्देश दिए। सभी कर्मियों के नाम-पट्ट लगाने, महत्वपूर्ण अधिकारियों के मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने और किचन व्यवस्था सुधारने को कहा गया। साथ ही, केंद्र की आधारभूत सुविधाओं को जल्द से जल्द मजबूत करने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने साफ कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर महिलाओं के लिए भरोसे का केंद्र बने, जहां उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और समय पर मदद मिल सके। मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।







